home page

विश्व साइकिल दिवस 2026 पर साइकिल रैली का आयोजन, युवाओं ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प

 | 
विश्व साइकिल दिवस 2026 पर साइकिल रैली का आयोजन, युवाओं ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प


अजमेर, 03 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर द्वारा बुधवार सुबह आनासागर चौपाटी से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को साइकिल उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने किया। रैली का शुभारंभ आनासागर चौपाटी से हुआ और यह वैशाली नगर पेट्रोल पंप होते हुए पुनः आनासागर चौपाटी पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में नवगठित एवं पुनर्गठित युवा मंडलों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “साइकिल अपनाओ, प्रदूषण घटाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने नियमित साइकिल उपयोग के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन, ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा मित्र अभियान से जोड़ते हुए सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा मित्र की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं ने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता फैलाने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के आयोजन में महाराणा प्रताप युवा मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा सहित मानसी अधीर, जगदीश यादव, लोकेश कुमार, केशव अजमेरा, ऋषभ अजमेरा, लोकेंद्र सिसोदिया और पुखराज सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं साइकिलिंग प्रेमी पुष्पा क्षेत्रपाल और जगदीश नारायण विजयवर्गीय, युवा साथी केंद्र अजमेर की समन्वयक अंकिता शर्मा तथा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक मुरारी लाल ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों, नवगठित एवं पुनर्गठित युवा मंडलों के सदस्यों को प्रशंसा एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष