home page

रोबोटिक्स में विश्व विजेता बनी 14 वर्षीय इनाया ने अजमेर दरगाह में चढ़ाई चादर, मांगी अमन-चैन की दुआ

 | 
रोबोटिक्स में विश्व विजेता बनी 14 वर्षीय इनाया ने अजमेर दरगाह में चढ़ाई चादर, मांगी अमन-चैन की दुआ


अजमेर, 23 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता में विश्व स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर भारत का नाम रोशन करने वाली 14 वर्षीय इनाया खान रविवार को अजमेर पहुंचीं। विश्व विजेता बनने के बाद अजमेर पहुंचीं इनाया ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह शरीफ में अकीदत के साथ जियारत की।

उन्होंने दरगाह की चौखट पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश किए तथा देश-दुनिया में अमन, चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

इनाया के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी दरगाह शरीफ पहुंचे। दरगाह शरीफ के खादिम सैयद आकिफ चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई। इस दौरान दरगाह शरीफ की परंपरा के अनुसार ओढ़नी उड़ाकर इनाया का इस्तकबाल किया गया और उन्हें तबर्रुक भेंट किया गया। विश्व स्तर पर उपलब्धि हासिल करने के बाद दरगाह पहुंचीं इनाया के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।

इनाया खान ने महज 14 वर्ष की उम्र में अमेरिका में आयोजित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैम्पियनशिप-2026 में हिस्सा लेकर विश्व स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार और शहर का गौरव बढ़ाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम भी रोशन किया। कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे तकनीकी क्षेत्र में विश्व विजेता बनने के बाद इनाया युवाओं और विशेष रूप से बालिकाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई हैं।

तकनीकी और शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ इनाया सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी हुई हैं। वे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, बालिका शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय योगदान दे रही हैं।

इनाया का कहना है कि बेटियों को शिक्षा और अवसर मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। दरगाह शरीफ में जियारत के दौरान इनाया ने देश में शांति, भाईचारे और खुशहाली के साथ ही पूरी दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी। इस अवसर पर मोहम्मद जैद, बेनजीर खान, सलमा खान, नजमा खान, मोहम्मद जुनेद, मोहम्मद जाहिद, जफिरा सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित