home page

विश्व स्तनपान सप्ताह: सात अगस्त तक जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

 | 
विश्व स्तनपान सप्ताह: सात अगस्त तक जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के तहत जयपुर प्रथम जिले में स्तनपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चिकित्सा संस्थानों, एमसीएचएन सत्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों के माध्यम से माताओं को स्तनपान के महत्व और सही तकनीक की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जन्म के पहले घंटे में शिशु को स्तनपान कराना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के लाभ, सही तकनीक और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे।

इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम जीवन की टिकाऊ शुरुआत के लिए स्तनपान: जो तरीका कारगर है, उसे और मज़बूत करें रखी गई है। थीम के अनुरूप जिलेभर में जनजागरूकता गतिविधियां, परामर्श सत्र, एमसीएचएन दिवस, संगोष्ठियां और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीएमएचओ ने आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रत्येक नवजात को स्वस्थ जीवन की शुरुआत सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश