home page

विश्व साइकिल दिवस पर कुलपति ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 | 
विश्व साइकिल दिवस पर कुलपति ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


जयपुर, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान ( एनआईए) के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली का संदेश देते हुए अपने आवास से संस्थान परिसर तक करीब 20 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की।

इस अवसर पर प्रो. शर्मा ने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जीवनशैली जनित बीमारियों और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच साइकिल का नियमित उपयोग एक सरल एवं कारगर समाधान साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिलता है। साथ ही यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी सहायक है। उन्होंने युवाओं सहित सभी नागरिकों से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

प्रो. शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद संतुलित दिनचर्या, नियमित व्यायाम और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली पर बल देता है तथा साइकिल चलाना इन सिद्धांतों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के प्रभारी डॉ. मेहंद प्रजापति, डॉ. राजेन्द्र शर्मा सहित संस्थान के चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश