वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे होगी मल्टीसिटी वॉक
जयपुर, 14 मई (हि.स.)। वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे के अवसर पर 17 मई को दुनियाभर के विभिन्न शहरों में कैंसर जागरूकता के लिए मल्टीसिटी वॉक आयोजित की जाएगी। जयपुर में यह वॉक जलेब चौक से निकाली जाएगी, जबकि 19 मई को होटल हॉलिडे इन में प्रिवेंटिव जीआई ऑन्कोलॉजी विषय पर विशेषज्ञों की पैनल डिस्कशन आयोजित होगी। आयोजन एब्डोमिनल कैंसर ट्रस्ट द्वारा फोर्टिस हॉस्पिटल और आईआईईएमआर के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृति युवा संस्थान के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान एब्डोमिनल कैंसर ट्रस्ट के संस्थापक एवं वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे के फाउंडर डॉ. संदीप जैन, फोर्टिस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनीष अग्रवाल, जोवा इटालिय फार्मा कंपनी के डायरेक्टर मुकेश गुप्ता, जयपुर रनर्स क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक शर्मा, एडवोकेट कमलेश शर्मा, प्रो. एस.एस. शर्मा और आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।
डॉ. संदीप जैन ने कहा कि कैंसर से लड़ाई केवल इलाज से नहीं बल्कि जागरूकता से भी जीती जा सकती है। समय पर पहचान और सही उपचार से असंख्य लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि एब्डोमिनल कैंसर में पेट के भीतर होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर जैसे गैस्ट्रिक, लिवर, पैंक्रियाटिक, कोलन, गॉल ब्लैडर और किडनी कैंसर शामिल हैं।
19 मई को आयोजित पैनल डिस्कशन में देश के अग्रणी विशेषज्ञ प्रिवेंटिव जीआई ऑन्कोलॉजी और कैंसर की शुरुआती पहचान पर मंथन करेंगे। इसमें एआई एंडोस्कोपी, कोलोरेक्टल कैंसर की स्क्रीनिंग, गॉल ब्लैडर कैंसर की रोकथाम और अल्कोहल से संबंधित लिवर सिरोसिस जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में डॉ. एस.एस. शर्मा, डॉ. संदीप जैन, डॉ. आर.के. जेनॉ, डॉ. सुधीर महाऋषि, प्रो. वी.ए. सारस्वत सहित कई विशेषज्ञ भाग लेंगे।
फोर्टिस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनीष अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित जांच, शुरुआती पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। वहीं मुकेश मिश्रा ने बताया कि मल्टीसिटी वॉक के जरिए लोगों को स्वस्थ रहने और कैंसर के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

