home page

उभरती प्रौद्योगिकियों पर कार्यशाला का आयोजन

 | 
उभरती प्रौद्योगिकियों पर कार्यशाला का आयोजन


बीकानेर, 18 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान सेंटर फॉर एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बीटीयू परिसर स्थित सेमीनार हॉल में मंगलवार को किया गया।

कार्यशाला का शुभारम्भ आरकेट स्पोक इंचार्ज तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़, डीन एकेडमिक्स सुधीर भारद्वाज, उपनिदेशक गगन भाटिया, कार्यशाला संयोजक जय भास्कर, मेंटर दीपेश आरकेट, लक्ष्मण सिंह, सहायक आचार्य संदीप कुमार ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।

बीटीयू के कुलगुरु प्रो.अखिल रंजन गर्ग ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए उद्योगोन्मुखी शिक्षा और करियर-उन्मुख कौशल विकास की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।

कार्यशाला संयोजक जय भास्कर ने ट्रू चिप तथा पॉवर बी आई जैसी वैश्विक संस्थाओं के विशेषज्ञों ने छात्रों को नवीनतम तकनीकी प्रवृत्तियों एवं उद्योग की मांगों से अवगत कराया।

अतिरिक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ, विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।

उप निदेशक गगन भाटिया ने आरकेट की भूमिका और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ सुधीर भारद्वाज ने कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

बीकानेर डिविजनल मेंटर दीपेश रामावत ने बताया कि तकनीकी सत्रों में रणवीर सिंह (सेमीकंडक्टर, चिप टेक्नोलॉजी) तथा रवि स्वामी (पॉवर बीआई) शामिल रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों की गहन जानकारी दी।

कार्यक्रम में बीटीयू के संगणक विज्ञान एवं अभियांत्रिकी तथा साइबर सिक्योरिटी विभाग के लगभग 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कुलगुरु ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाकर अपने तकनीकी दृष्टिकोण को व्यापक बनाएं और उद्योग-प्रेरित करियर अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करें।

इस अवसर पर महाविद्यालय से डॉ. गायत्री शर्मा, गगनदीप कौर, राकेश कुमार, संदीप भाखर, जयवीर सहित अनेक प्रतिभागी सम्मिलित हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव