home page

पारंपरिक पत्रकारिता और सोशल मीडिया के अंतर पर कार्यशाला आयोजित

 | 
पारंपरिक पत्रकारिता और सोशल मीडिया के अंतर पर कार्यशाला आयोजित


बीकानेर, 02 नवंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में सूचनाओं की बाढ़ तो आई है, लेकिन हर सूचना विश्वसनीय हो, यह जरूरी नहीं। ऐसे में पारंपरिक पत्रकारिता की विश्वसनीयता, जिम्मेदारी और प्रमाणिकता को समझना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। इसी विषय को लेकर सोमवार को जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) की जिला इकाई बीकानेर और श्री जैन कन्या पीजी महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने पारंपरिक पत्रकारिता और सोशल मीडिया के बीच अंतर समझाते हुए छात्राओं को फेक न्यूज से सावधान रहने तथा किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करने की सलाह दी। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया की सभी सूचनाएं अविश्वसनीय नहीं हैं, लेकिन उनकी सत्यता परखना जरूरी है।

मुख्य अतिथि श्री जैन पाठशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कोचर, महाविद्यालय की प्राचार्या संध्या सक्सेना, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार भवानी जोशी, जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) के प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार श्याम मारू ने अपनी बात कही।

इससे पहले जार के बीकानेर जिलाध्यक्ष प्रमोद आचार्य ने विषय प्रवर्तन करते हुए पारंपरिक पत्रकारिता की प्रक्रिया और सोशल मीडिया की कार्यप्रणाली के बीच अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया जिम्मेदार और संस्कारवान है। इसमें गंभीरता के साथ तथ्यों की जांच-पड़ताल कर समाचार प्रस्तुत किए जाते हैं। इसके विपरीत सोशल मीडिया रियल टाइम और त्वरित सूचनाओं का माध्यम है। सोशल मीडिया पर आई किसी भी सूचना को सही मानने से पहले उसकी सत्यता परखना जरूरी है। पारंपरिक पत्रकारिता में सत्य के साथ तथ्य प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी होती है।

वरिष्ठ पत्रकार हरीश बी. शर्मा, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दिनेश गुप्ता, युवा पत्रकार रोशन बाफना, जार के महासचिव रवि पूगलिया, युवा पत्रकार बलदेव रंगा, महाविद्यालय की छात्रा रवीना कच्छावा ने भी अपनी बात कही।

कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी विशाल सोलंकी ने स्वागत भाषण दिया इस दौरान कालेज प्रशासन ने मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठ पत्रकारों का अभिनंदन भी किया। महाविद्यालय की रासेयो की प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जाने-माने उद्घोषक रविंद्र हर्ष ने किया।

इस अवसर पर जार के कोषाध्यक्ष रमेश बिस्सा, उपाध्यक्ष गिरीश श्रीमाली, साहिल पठान, महिला सचिव सुमेश्ता बिश्नोई, कौशलेश गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार राकेश भाभड़ा सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव