महिला सुरक्षा संकल्प: एक माह में हजारों महिलाओं-बालिकाओं तक पहुंची जयपुर पुलिस
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को गत एक माह से चल रहे महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस यातायात मालिनी अग्रवाल रहीं।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार और पुलिस विभाग की हमेशा से प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की पूरी टीम ने इस अभियान में सक्रियता के साथ कार्य किया है।
महानिदेशक अग्रवाल ने कहा कि आउटरीच प्रोग्राम के माध्यम से जयपुर पुलिस ने समाज के हर वर्ग एवं हर तबके तक पहुंचने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर सराहनीय कार्य किया है। महानिदेशक श्रीमती अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान में सुरक्षा सखियों के साथ-साथ सीएलजी सदस्यों और समाज के अन्य स्टेकहोल्डर्स की भी सक्रिय भागीदारी रही है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए उपलब्ध पूरे सेफ्टी नेट की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हेल्पलाइन, सुरक्षा ऐप्स, पुलिस सहायता तथा सेल्फ डिफेंस सहित विभिन्न माध्यमों के बारे में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया है।
इस अवसर पर विशेष पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने कहा कि गत एक महीने के दौरान पूरे राज्य में विभिन्न स्थानों पर महिला सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने अपनी संवेदनाएं और अनुभव किए हैं। उन्होंने कहा कि देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस महिला सुरक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात रानू शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम” के तहत जयपुर पुलिस द्वारा विभिन्न वर्गों के साथ व्यापक स्तर पर संवाद एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना है।
उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत प्रथम सप्ताह में प्रशिक्षणार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद के माध्यम से 1,023 प्रतिभागियों तक पहुंच बनाई गई। द्वितीय सप्ताह में महिला पुलिस वॉलंटियर्स के साथ 4 हजार 884 संवाद किए गए तथा महिला सम्मान समारोहों के माध्यम से 344 महिलाओं को सम्मानित किया गया। तृतीय सप्ताह में बुजुर्ग महिलाओं एवं एकल बुजुर्ग दम्पतियों के घर जाकर 734 मुलाकातें कर सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी गई तथा स्लम क्षेत्रों एवं महिला श्रमिकों से 1 हजार 640 संवाद किए गए।
साथ ही अभियान के चतुर्थ सप्ताह में विभिन्न हितधारकों के साथ 28 बैठकें आयोजित की गईं। साथ ही, सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों में ऑनलाइन कार्यशालाओं के माध्यम से 84 शिक्षण संस्थानों के 6 हजार 709 विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा एवं संवेदनशील विषयों के प्रति जागरूक किया गया। पंचम सप्ताह में महिला पुलिसकर्मियों के साथ 1 हजार 310 संवाद तथा 118 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 एवं महिला हेल्पलाइन 1090 सहित पुलिस की विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही राजकोप सिटीजन ऐप के उपयोग, महिला बीट अधिकारी योजना, एंटी रोमियो स्क्वाड, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, वरिष्ठ जन संबंध योजना, वाई सीएसजी, सुरक्षा सखी एवं निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी पुलिस की महिला एवं नागरिक सुरक्षा संबंधी पहलों से भी आमजन को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अनुष्ठा कालिया सहित पुलिस कमिश्नरेट के कार्मिक एवं सुरक्षा सखियां, कालिका यूनिट की सदस्यगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

