home page

मनस्वी हुनर-6 मेला में महिला उद्यमिता और संस्कृति का संगम

 | 
मनस्वी हुनर-6 मेला में महिला उद्यमिता और संस्कृति का संगम


जोधपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। क्लब ऑफ कायस्थ लेडीज मनस्वी की ओर से आयोजित दो दिवसीय हुनर-6 नारी कौशल एवं उद्यमिता मेला प्रदर्शनी में महिला उद्यमिता, स्वावलंबन और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित कायस्थ सामुदायिक भवन में आयोजित मेले में महापौर प्रसन्न चंद मेहता, उपमहापौर विजय सिंह पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल एवं पार्षद दीपिका माथुर का अभिनंदन किया गया।

क्लब की संस्थापक अध्यक्ष मुक्ता माथुर ने बताया कि मेले में महिलाओं द्वारा तैयार किएगए हस्तनिर्मित उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों, आभूषणों, होम डेकोर, खाद्य सामग्री, मसालों तथा विभिन्न रचनात्मक वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। जोधपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

क्लब की महिला सदस्यों ने राजस्थानी लोकनृत्य, फ्यूजन डांस तथा भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोक संस्कृति और आधुनिक नृत्य शैलियों के संगम ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में पार्षद विक्रम पंवार, कायस्थ जनरल सभा के अध्यक्ष नरेश माथुर, एनएनएस अध्यक्ष गिरीश माथुर, शिक्षाविद् रतनलाल माथुर, पूर्व पार्षद सीमा माथुर, पूर्व न्यासी सुनील माथुर, राजराजेश्वरी ट्रस्ट, आनंद भैरूं मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र माथुर तथा वरिष्ठ समाजसेवी नंदलाल माथुर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर संजय माथुर एवं आकाशवाणी उद्घोषिका लीना माथुर ने किया। आयोजन की संयोजिका नीतू, वंदना, विनिता एवं आदिता माथुर ने मेले की व्यवस्थाओं और विभिन्न गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश