home page

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बसों में रही महिलाओं की भीड़

 | 
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बसों में रही महिलाओं की भीड़


जोधपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान सरकार ने हर वर्ष की भांति इस बार भी महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सौगात दी। मुफ्त यात्रा के कारण आज रोडवेज बसों में महिलाओं की भारी भीड़ रही। राइका बाग बस स्टैंड पर आज सुबह से ही महिलाओं की भीड़ रही।

राज्य सरकार के निर्देश पर रोडवेज की तरफ से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान रोडवेज की राज्य की सीमा में संचालित समस्त साधारण और द्रुतगामी (एक्सप्रेस) में यात्रा करने वाली महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा दी गई। रविवार को दिनभर सामान्य श्रेणी की बसों में महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की। निशुल्क यात्रा की सुविधा केवल राजस्थान राज्य की सीमा तक ही मिली। एसी वोल्वो में यह छूट नहीं दी गई। निशुल्क सुविधा के लिए हजारों महिलाओं ने पहले से ही आरक्षण करवा लिया था।

वहीं आज भी हजारों महिलाएं यात्रा के लिए आई। स्थानीय स्तर पर महिलाओं की सहायतार्थ प्रमुख जगहों पर महिला कर्मचारियों को लगाया गया। रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया। निशुल्क यात्रा करने के लिए महिलाओं और बालिकाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में कई महिलाओं को खड़े रहकर यात्रा करनी पड़ी। इनके अलावा नियमित यात्रा करने वाले लोगों को भी भारी परेशानी हुई। रोडवेज जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक उम्मेदसिंह के अनुसार जोधपुर डिपो की ओर से महिलाओं व बालिकाओं के लिए जोधपुर से रामदेवरा, तनोट, अजमेर, सांवरिया सेठ, खाटू श्याम, सालासर के लिए अतिरिक्त बसें संचालित की गई, जिन्होंने बाद में वापसी भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश