home page

पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश

 | 
पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश


जालोर, 28 जून (हि.स.)। आहोर थाना क्षेत्र में 24 जून को खेत में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा ली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके रिश्तेदार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार (35) पुत्र स्वर्गीय ओटाराम मीणा निवासी रानीगांव थाना रानी (पाली) के रूप में हुई। 24 जून को आहोर थाना क्षेत्र के मडला गांव के पास एक खेत में उसका खून से लथपथ शव मिला था। शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से पहचान करना मुश्किल था। मृतक की मां सारकी देवी की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान एफएसएल, साइबर सेल, मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ में ममता (34), उसके प्रेमी रमेश कुमार मीणा (37) और उसके रिश्तेदार अभिषेक मीणा (20) की भूमिका सामने आने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि राजेंद्र और ममता की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी तथा उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। पिछले 8 से 10 महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने पीहर गोलिया गांव में रह रही थी। इसी दौरान उसकी रमेश कुमार मीणा से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने राजेंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

योजना के तहत रमेश और अभिषेक राजेंद्र को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए। रास्ते में उसे कई बार शराब पिलाई गई। नशे की हालत में उसे मडला गांव के पास एक खेत में ले जाकर लाठियों से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले में उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर शव खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी का अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होना भी संदेह का कारण बना। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित