समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदः खरीद के साथ-साथ उठाव कार्य में तेजी
श्रीगंगानगर, 25 मई (हि.स.)। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के अंतर्गत श्रीगंगानगर जिले में खरीद कार्य निरंतर सुचारू व प्रगति पर है। जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक कुल 49,13,920 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध 72,50,477 बैग गेहूं का उठाव (लिफ्टिंग) किया जा चुका है। यह लक्ष्य का लगभग 79.82 प्रतिशत है।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव द्वारा सभी खरीद एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं त्वरित बनाया जाए। साथ ही किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गेहूं खरीद कार्य को गति देने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
कृषि विपणन विभाग के संयुक्त निदेशक महीपाल गहलोत के अनुसार जिले की प्रमुख मंडी श्रीगंगानगर में 5,93,910 क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध 996850 बैग उठाव किया गया है, जो 83.92 प्रतिशत है। वहीं लालगढ़ (गौण मंडी) और सूरतगढ़ जैसी मंडियों में भी खरीद कार्य सुचारू रूप से जारी है। लालगढ़ में 83.95 प्रतिशत तथा सूरतगढ़ में 63.37 प्रतिशत उठाव दर्ज किया है।
इसी तरह रायसिंहनगर में 86.74 प्रतिशत, श्रीविजयनगर में 82.17 प्रतिशत तथा अनूपगढ़ में 69.58 प्रतिशत उठाव हुआ है। इसके अलावा घड़साना में 84.71 प्रतिशत, सादुलशहर में 73.51 प्रतिशत और गजसिंहपुर में 84.47 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है। रामसिंहपुर (गौण मंडी) में 89.78 प्रतिशत तथा सूरतगढ़ क्षेत्र की सुखचेनपुरा (गौण मंडी) में 86.70 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है। इसी प्रकार बींझबायला (गौण मंडी) में 98.87 प्रतिशत तथा 365 हेड (गौण मंडी) में 98.10 प्रतिशत उठाव किया गया है। पदमपुर मंडी में 98.10 प्रतिशत तथा रिड़मलसर में 97.59 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है। केसरीसिंहपुर में 80.89 प्रतिशत और श्रीकरणपुर में 93.16 प्रतिशत उठाव हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

