home page

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से पांच जिलों में बारिश-बूंदाबांदी के आसार

 | 
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से पांच जिलों में बारिश-बूंदाबांदी के आसार


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, प्रदेश के पांच जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

मौसम में होने वाले इस बदलाव से आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के साथ रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम में बदलाव का असर 11 अक्टूबर से अधिक दिखाई देने की संभावना है। चूरू और सीकर सहित आस-पास के क्षेत्रों में ठंडक बढ़ सकती है। इन इलाकों में दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के आसार हैं। बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे सर्द होने की ओर बढ़ सकता है।

प्रदेश में दिन के तापमान में गिरावट का असर अब रात में भी दिखाई देने लगा है।

राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया है। इससे रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश होने पर तापमान में और गिरावट आ सकती है।

प्रदेश के कुछ शहरों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। जैसलमेर, उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, पिलानी और चित्तौड़गढ़ में तापमान नीचे आया। इसके बावजूद शेखावाटी क्षेत्र में गर्मी का असर बना हुआ है।

पिलानी में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद जयपुर में भी रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल, हल्की बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे दिन की गर्मी कम होने के साथ रात और सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना होने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित