home page

पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में बदला मौसम, तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट; सिरोही में सबसे सर्द रात

 | 
पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में बदला मौसम, तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट; सिरोही में सबसे सर्द रात


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम में बदलाव से प्रदेश के कुछ शहरों के तापमान में सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। रविवार को 10 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। सिरोही में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को बीकानेर के लूणकरणसर में सर्वाधिक 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शनिवार को भी पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद रविवार सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा नजर आया। जयपुर में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। यहां अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 1.2 और रात के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट आई। भीलवाड़ा, वनस्थली, सीकर, उदयपुर, पाली, माउंट आबू, सिरोही, फतेहपुर, करौली और प्रतापगढ़ में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। दूसरी ओर, फलौदी रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, रविवार को पाकिस्तान के मध्य भागों के ऊपर वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ था। राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में ट्रफ लाइन सक्रिय थी और अरब सागर से आने वाली हवाओं के साथ नमी मिल रही थी। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों में बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। शनिवार को श्रीगंगानगर के करनपुर में सर्वाधिक 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।

विभाग ने रविवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मेघगर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी।

उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी हिस्सों में अगले तीन-चार दिन कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। 13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश