home page

पश्चिम बंगाल के विधायक डॉ. राजेश सुरोलिया ने किया श्री परशुराम ज्ञानपीठ का दौरा

 | 
पश्चिम बंगाल के विधायक डॉ. राजेश सुरोलिया ने किया श्री परशुराम ज्ञानपीठ का दौरा


जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के जगदल विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने रविवार को जयपुर स्थित श्री परशुराम ज्ञानपीठ का दौरा किया। उन्होंने ज्ञानपीठ भवन का निरीक्षण कर संस्थान की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों तथा अध्ययनरत बालिकाओं के लिए किए जा रहे संस्कारमय एवं शैक्षणिक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

संस्थान की बालिकाओं से संवाद करते हुए डॉ. सुरोलिया ने कहा, मैं इस संस्थान के बीजारोपण में सहभागी रहा हूँ और आज अपने सामने उस सपने को साकार होते देखना मेरे लिए अत्यंत सुखद और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल प्रशासनिक सेवा या पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्राप्त ज्ञान और सामर्थ्य को समाज व राष्ट्र की सेवा में लगाना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सीख दी कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ व्यापारी, उद्यमी, शिक्षक, चिकित्सक, किसान और खिलाड़ी भी राष्ट्र निर्माण में समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

युवाओं को खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए, जिससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। सफलता प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुसार ऊंचा लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री (प्रमुख) पवन पारीक ने डॉ. सुरोलिया का परिचय देते हुए उनके प्रशासनिक जीवन, उपलब्धियों और जनसेवा की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मूलतः राजस्थान के मुकुंदगढ़ निवासी डॉ. सुरोलिया ने हमेशा समाज सेवा को प्राथमिकता दी है। इसके पश्चात, रीजनल अध्यक्ष सतीश शर्मा ने श्री परशुराम ज्ञानपीठ की गतिविधियों, उद्देश्यों और बालिकाओं को दी जा रही आधुनिक व संस्कारयुक्त सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा, नरेंद्र हर्ष, विप्र चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बासोतिया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष महेश शर्मा, जोन-1 अध्यक्ष राकेश कर्नल, जयपुर चैप्टर अध्यक्ष नवीन शर्मा, जयपुर जिला अध्यक्ष महेंद्र शर्मा एवं उप कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश