नितिन नवीन के जयपुर आगमन पर भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़े कार्यकर्ता
जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक मार्ग के विभिन्न स्थानों पर हजारों की संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा और मंत्रोच्चार के साथ उनका अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में आयोजित विशाल रोड शो के दौरान दुपहिया वाहनों पर सवार भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भगवा साफा पहनकर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे मार्ग पर जोश और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर भाजपा महिला मोर्चा, एसटी-एससी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित अन्य प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भी जोरदार स्वागत किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति एवं पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी कर्मभूमि राजस्थान में लोग संकल्प और समर्पण के साथ संगठन और राज्य को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर आगामी चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता का दावा भी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं और संगठन की नीतियों के अनुरूप राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन विस्तार के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और उसके कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि इस बार पारंपरिक राजनीतिक समीकरण भी बदलेंगे।
कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

