home page

राजस्थान में तीन दिन मौसम रहेगा साफ, 24 से फिर बदलेगा मिजाज

 | 
राजस्थान में तीन दिन मौसम रहेगा साफ, 24 से फिर बदलेगा मिजाज


जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अरब सागर से आ रही नमी युक्त हवाओं के असर से मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कई जगह आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि भीलवाड़ा और राजसमंद में ओलावृष्टि हुई। बारिश के चलते कई इलाकों के तापमान में गिरावट आई है और रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है, लेकिन 24 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एक बार फिर मौसम बदल सकता है।

मंगलवार को राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पाली, बूंदी, सिरोही और उदयपुर सहित कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर में मौसम साफ रहा।

बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का असर नजर आने लगा है। मंगलवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो माउंट आबू के 15.5 डिग्री से भी कम रहा। फतेहपुर में भी न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अजमेर, नागौर, चूरू सहित 10 से अधिक जिलों में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। राजधानी जयपुर में भी न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई और पारा 20 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार से प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है।

हालांकि, 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित