10 शहरों में बारिश, भरतपुर के उच्चैन में 2 इंच से ज्यादा बरसात
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में मानसूनी तंत्र सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। गुरुवार को प्रदेश के 7 शहरों में एक इंच से ज्यादा बरसात हुई। सबसे ज्यादा बारिश भरतपुर के उच्चैन में 54 मिमी रिकॉर्ड की गई। बारिश का यह दौर पूर्वी राजस्थान में आगामी 4 दिन जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भरतपुर, चित्तौडग़ढ़, कोटा, अलवर, भीलवाड़ा, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर में बरसात हुई। डीग, कामां, नगर , धौलपुर, करौली सहित कुछ अन्य शहरों में एक या एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और हवाएं चली। इससे पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 3-7 सितंबर के दौरान मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। वेल मार्क लो प्रेशर एरिया गुरुवार को उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन आज श्रीगंगानगर, रोहतक व वेल मार्क लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश रूपवास, भरतपुर में 27 मिमी दर्ज की गई है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन मानसून पुन: सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। 4-5 सितंबर को कोटा संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। जोधपुर, संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहेगी। हालांकि, 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर हनुमानगढ़, चूरू, नागौर व आसपास के क्षेत्रों में हल्की मध्यम बारिश होने के आसार है। 8 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में पुन: बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

