home page

पश्चिमी विक्षोभ से बदला राजस्थान का मौसम, कई शहरों में बारिश; 18 से फिर आंधी-बारिश की संभावना

 | 
पश्चिमी विक्षोभ से बदला राजस्थान का मौसम, कई शहरों में बारिश; 18 से फिर आंधी-बारिश की संभावना


जयपुर, 15 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को मौसम बदला हुआ नजर आया। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि हनुमानगढ़ और टपूकड़ा क्षेत्र में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 18 से 21 मार्च के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी-बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार जयपुर, पिलानी, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं सहित कुछ शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री के साथ चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री के साथ जोधपुर की रात सबसे गर्म रही। बदले मौसम के कारण अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोटा, बाड़मेर और फलौदी में दिन का तापमान 37 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि जयपुर सहित कई शहरों में रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 16-17 मार्च को मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। इसके बाद 18 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जोधपुर और बीकानेर संभाग में मेघगर्जन, आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। 19-20 मार्च को इसका प्रभाव अधिक रहने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

जयपुर में रविवार सुबह कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। बादल छाए रहने और हल्की धूप निकलने से अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश