home page

राजस्थान में बदला मौसम, 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह गिरे ओले

 | 
राजस्थान में बदला मौसम, 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह गिरे ओले


जयपुर, 13 जून (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि शुक्रवार देर रात तेज आंधी और बूंदाबांदी ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई।

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 23 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

प्रदेश में शुक्रवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और चूरू सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। श्रीगंगानगर और चूरू के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और ओलों के कारण कई स्थानों पर तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में उमस भरा मौसम बना रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान जैसलमेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा फलोदी में 43.8, फतेहपुर में 43, बाड़मेर में 42.7, बीकानेर में 42.4 और चूरू में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

श्रीगंगानगर में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई। वहीं हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां जिलों में देर शाम बादल छाने के साथ हल्की बारिश हुई। जयपुर में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई, जबकि शुक्रवार रात चली आंधी और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आ गई।

सीकर में रातभर हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। चित्तौड़गढ़ में दिनभर हवाएं चलने से गर्मी का असर कम रहा और तापमान में मामूली गिरावट दर्ज आ गई।

मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इससे लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित