home page

मौसम फिर पलटा, अजमेर में शाम को बरसात; तापमान गिरा, उमस बढ़ी

 | 
मौसम फिर पलटा, अजमेर में शाम को बरसात; तापमान गिरा, उमस बढ़ी


अजमेर, 19 जून (हि.स.)। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अजमेर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से तेज धूप के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक मध्यम से तेज बारिश होने के बाद मौसम साफ हो गया, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस का अहसास भी बढ़ गया। शाम के समय कार्यालयों से घर लौट रहे लोगों को अचानक हुई बारिश से परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत महसूस की, क्योंकि अधिकांश लोग इसके लिए तैयार नहीं थे।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 85 मिमी वर्षा श्रीविजयनगर (श्रीगंगानगर) में रिकॉर्ड की गई। विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान अजमेर सहित बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, मेघगर्जन और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 21 से 24 जून के बीच बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। दक्षिणी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार जिले में अब तक औसतन 189 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.15 प्रतिशत अधिक है। विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज वर्षा में अजमेर में 53 मिमी, अरांई में 49.50 मिमी, गोविंदगढ़ और पीसांगन में 15-15 मिमी, नसीराबाद में 10 मिमी, बांदरसिंदरी में 9.5 मिमी तथा किशनगढ़ में 4 मिमी वर्षा शामिल है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार 15 जून से अब तक लसाड़िया बांध में 1.2 मीटर, रामसर बांध में 6 फीट 10 इंच, मदन सरोवर धानवा में 3 फीट तथा आनासागर झील में 10 फीट 6 इंच पानी दर्ज किया गया है। इसके अलावा पारा प्रथम में 2 फीट 6 इंच, लोरड़ी सागर में 1 फीट 6 इंच, फायसागर में 22 फीट 1 इंच तथा शिवसागर न्यारा में 11 फीट 10 इंच जलस्तर रिकॉर्ड किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष