home page

गोगुन्दा में जल स्वावलम्बन कार्यों की होगी जांच व दोषियों पर कार्रवाई

 | 
गोगुन्दा में जल स्वावलम्बन कार्यों की होगी जांच व दोषियों पर कार्रवाई


जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि विधान सभा क्षेत्र गोगुन्दा में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों पर खर्च की गई राशि में अनियमितता की शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रतापलाल भील द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के जवाब में मंत्री ने बताया कि गोगुन्दा क्षेत्र में योजना के अंतर्गत जिन कार्यों को स्वीकृति दी गई, उनमें वास्तविक व्यय राशि स्वीकृत राशि से कम पाई गई है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं, जैसे तकमीना तैयार करने वाले अधिकारी द्वारा सही आकलन नहीं करना, प्रशिक्षक द्वारा उचित प्रशिक्षण नहीं देना अथवा मौके पर कार्य का पूर्ण रूप से निष्पादन नहीं होना। मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि इन सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने जानकारी दी कि गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति बड़गांव, गोगुन्दा, सायरा और कोटड़ा के अंतर्गत अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण में 36 ग्राम पंचायतों के 80 गांवों में कुल 1754 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों पर 15 फरवरी 2026 तक 982.87 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। पंचायत समितिवार व्यय और स्वीकृत कार्यों का विस्तृत विवरण भी सदन के पटल पर रखा गया।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर गंभीर है और अभियान के तहत पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित