home page

गौशाला में बच्चों संग डॉक्यूमेंट्री देखी: कोचिंग हब में हवन कर मनाया मोदी का जन्मदिन

 | 
गौशाला में बच्चों संग डॉक्यूमेंट्री देखी: कोचिंग हब में हवन कर मनाया मोदी का जन्मदिन


गौशाला में बच्चों संग डॉक्यूमेंट्री देखी: कोचिंग हब में हवन कर मनाया मोदी का जन्मदिन


जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर जयपुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। हिंगोनिया गौशाला में निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने गो-पूजन और गौसेवा के साथ बच्चों के बीच प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। वहीं कोचिंग हब में हवन एवं पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

हिंगोनिया गौशाला में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सौम्या गुर्जर ने गो-पूजन से की। उन्होंने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया तथा इसके बाद प्रसादी वितरित की। कार्यक्रम में बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देखी गई। बच्चों ने डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी ली। इसके बाद डॉ. सौम्या गुर्जर ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की और उनके साथ जन्मदिन मनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा की कामना की।

कोचिंग हब में हवन, रोजगार अभियान की घोषणा

कोचिंग हब में आयोजित कार्यक्रम में हवन-पूजन कर देश की प्रगति, समृद्धि और शांति की कामना की गई। ऑल कोचिंग इंस्टीट्यूट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनीश कुमार नाडर ने बताया कि कोचिंग हब को फिर से कोचिंग संचालकों को दिए जाने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ यहां आने वाले विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘बेरोजगार मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत की जा रही है और जल्द ही विद्यार्थियों एवं बेरोजगारों के लिए काउंसलिंग और रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. आर.एस. चौधरी ने बताया कि कोचिंग हब में आने वाले विद्यार्थियों को विशेष रोजगार अभियान से जोड़ा जाएगा। सरकारी नौकरी नहीं मिलने वाले विद्यार्थियों को निजी एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। महासंघ के महासचिव अजय अग्रवाल ने बताया कि कोचिंग हब में होने वाले आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला की घोषणा जल्द की जाएगी।

कार्यक्रम में डॉ. अरुण गुप्ता, हरिराम किवाड़ा, नरेंद्र फौजदार, भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संपर्क संयोजक रणवीर सिंह त्यागी, प्रताप नगर शाखा अध्यक्ष अशोक कुमार मंगल, सचिव जगरूप सिंह यादव, समाजसेवी हरिराम किवाड़ा और भगवान सहाय गोयल सहित सैकड़ों विद्यार्थी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश