home page

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स की प्रभावी पालना से साफ सुथरे हाेंगे शहर

 | 
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स की प्रभावी पालना से साफ सुथरे हाेंगे शहर


जयपुर, 01 मई (हि.स.)।

स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 की प्रभावी क्रियान्विति तथा नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें सभी नगरीय निकायों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े ।

बैठक में स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक विभाग प्रतीक जुइकर, मुख्य अभियंता, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) अरुण व्यास सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।

बैठक में शासन सचिव रवि जैन ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी नगरीय निकायों को इनकी शत-प्रतिशत एवं प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा रंग आधारित कचरा पात्र (कलर कोडिंग) की व्यवस्था को जमीनी स्तर पर पूर्ण रूप से लागू किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए तथा इसके उल्लंघन की स्थिति में यूजर चार्ज एवं दंडात्मक प्रावधानों को अधिसूचित कर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। साथ ही, सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से आमजन में नए नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

इसी के साथ ही जैन ने निर्देश दिए कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के अंतर्गत की जा रही सभी कार्यवाहियों की फोटो सहित विस्तृत अनुपालना रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में विभाग को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए, ताकि उच्चतम न्यायालय के समक्ष राज्य की प्रगति का तथ्यात्मक एवं प्रभावी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जा सके।

उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत सिटीजन फीडबैक में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी नगरीय निकायों को सघन एवं परिणामोन्मुख मोबिलाइजेशन अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। इस हेतु विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों, युवा मंडलों एवं विभिन्न सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। जैन ने कहा कि स्वच्छता अभियान की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब यह जनसहभागिता का व्यापक आंदोलन बने। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक नगरीय निकाय सिटीजन फीडबैक को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करे तथा स्वच्छता को जन-जन की आदत बनाने की दिशा में सतत प्रयास करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश