राजस्थानी संस्कृति और वन्य जीवों के रंगों से सजी दीवारें
जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत नगर निगम की ओर से शहर को सुंदर, स्वच्छ और जागरूक बनाने के लिए वॉल पेंटिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में आधुनिक स्वच्छता संदेशों के साथ-साथ पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और यहां की गौरवशाली धरोहर का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगरनिगम ने शहर की सुंदरता को बढ़ाने एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए वॉल पेंटिंग का अभियान शुरू किया है जिसके तहत शहर के मुख्य प्रवेश द्वार, बाजार और आवासीय इलाकों की दीवारों को खूबसूरत कलाकृतियों से सजाया गया है, जो सीधे तौर पर नागरिकों को आकर्षित कर रही हैं।
आयुक्त ने बताया कि यह वॉल पेंटिंग अभियान आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंच सके। आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि स्थानीय विरासत को ध्यान में रखते हुए शहर की दीवारों पर राजस्थानी संस्कृति, राज्य पक्षी मोर और विभिन्न लुभावने वन्यजीवों की मनमोहक कलाकृतियां बनाई गई हैं।
ये कलाकृतियां न केवल दीवारों की खूबसूरती बढ़ा रही हैं, बल्कि जीव-जंतुओं के संरक्षण और प्रकृति के साथ जुड़ाव का गहरा संदेश भी दे रही हैं। इसके साथ ही, बाहरी क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए भव्य वेलकम टू जोधपुर थीम पर आधारित पेंटिंग्स बनाई गई हैं, जो राजस्थान की मेहमाननवाज़ी (पधारो म्हारे देस) की परंपरा को दर्शाती हैं।
पर्यावरण संरक्षण और हरे-भरे शहर का संदेश
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण असंतुलन को ध्यान में रखते हुए, इस अभियान में पेड़-पौधों, रंग-बिरंगे फूलों और हरियाली को प्रमुखता से दर्शाया गया है। पेंटिंग्स के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना कितना जरूरी है। कलाकृतियों के जरिए आमजन से पौधे लगाने और पर्यावरण को बचाने की भावुक अपील की जा रही है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की विशेष ब्रांडिंग
नगर निगम द्वारा इस पूरे अभियान के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की आधिकारिक ब्रांडिंग और लोगो की पेंटिंग्स भी बड़े पैमाने पर करवाई गई हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य शहर के नागरिकों को इस राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षण की जानकारी देना और शहर को देश के शीर्ष स्थानों में शुमार करने के लिए उनमें प्रतिस्पर्धा और गर्व की भावना जगाना है। पेंटिंग्स के साथ लिखे गए स्लोगन सीधे तौर पर शहर की मुख्य समस्याओं की तरफ आमजन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
इस अभियान के तहत ऐसे कई प्वाइंट को चिह्नित किया गया जहां पहले लोग कचरा फेंक देते थे या थूक कर गंदगी करते थे, वहां अब कलात्मक रंगों और प्रेरणादायक संदेशों से सजी पेंटिंग हर किसी को अपनी तरफ आकर्षित कर रही है। राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों के लिए ये दीवारें अब सेल्फी पॉइंट और प्रेरणा का केंद्र बन चुकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

