home page

नगर निगम उदयपुर सहित 6 निकायों के कुल 190 वार्ड की मतगणना सोमवार को

 | 
नगर निगम उदयपुर सहित 6 निकायों के कुल 190 वार्ड की मतगणना सोमवार को


उदयपुर, 13 सितम्बर (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के छह नगरीय निकायों में दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब सोमवार, 14 सितम्बर को मतगणना होगी। नगर निगम उदयपुर सहित पांच नगरपालिकाओं के 190 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 521 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना के साथ होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह ठीक 8 बजे मतगणना शुरू होगी।

नगर निगम उदयपुर की मतगणना राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में होगी, जबकि शेष पांच नगरपालिकाओं की मतगणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर बनाए गए संग्रहण-वितरण केंद्रों पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि मतगणना को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और सभी केंद्रों पर आयोग के निर्देशों के अनुसार तैयारियां की गई हैं।

नगर निगम उदयपुर की मतगणना राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में स्थापित पांच गणना कक्षों में होगी। प्रत्येक गणना कक्ष में अधिकतम आठ टेबल लगाई गई हैं। नगर निगम क्षेत्र की मतगणना कुल 16 राउंड में पूरी होगी। प्रत्येक राउंड में पांच वार्डों के परिणाम जारी किए जाएंगे।

इसी प्रकार नगरपालिका भीण्डर की मतगणना भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीण्डर, वल्लभनगर की पंचायत समिति कार्यालय वल्लभनगर, फतहनगर-सनवाड़ की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सनवाड़, कानोड़ की पं. उदय जैन महाविद्यालय कानोड़ तथा नगरपालिका मावली की गणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मावली में होगी।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने बताया कि मतगणना को लेकर व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। सभी मतगणना स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। गणना स्थल पर केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही गणना केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जिले में नगर निगम उदयपुर सहित पांच नगरपालिकाओं में कुल 190 वार्ड हैं, जिनके लिए 521 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। नगर निगम उदयपुर के 80 वार्डों में 220 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कानोड़ के 20 वार्डों में 52, भीण्डर के 25 वार्डों में 58, मावली के 20 वार्डों में 59, फतहनगर-सनवाड़ के 25 वार्डों में 65 तथा वल्लभनगर के 20 वार्डों में 67 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।

मतदान के दौरान मतदाताओं ने अपने मत ईवीएम में दर्ज कर अपना फैसला सुरक्षित कर दिया है। अब सोमवार को मतगणना के साथ ईवीएम में बंद जनादेश सामने आएगा और प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता