आनासागर झील में ‘नौका नाद’ का आयोजन 14 अप्रैल को, क्रूज पर गूंजेंगी देशभक्ति की धुनें
अजमेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। अजमेर की आनासागर झील में 14 अप्रैल को सायं 5 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से ‘नौका नाद’ का अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवक बैटरी संचालित क्रूज पर सवार होकर देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत करेंगे।
संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख राजेंद्र लालवानी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत करीब 40 स्वयंसेवक पुरानी चौपाटी पर एकत्रित होंगे और वाद्य यंत्रों के साथ क्रूज पर सवार होकर झील का भ्रमण करेंगे। इस दौरान शहरवासी झील के किनारों पर खड़े होकर घोष वादन का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शंख, बांसुरी, आनक, प्रणय, नागांग (सैक्सोफोन), स्वरद (क्लैरिनेट), गोमुख (यूफोनियम), तुयां (ट्रम्पेट), त्रिभुज और झलनरी जैसे वाद्य यंत्रों के माध्यम से करीब 35 देशभक्ति धुनें प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें मीरा, चेतक, शिवरंजनी, कीरना, अनूप और दुर्गा रागों पर आधारित धुनें शामिल होंगी।
लालवानी ने बताया कि क्रूज पुरानी चौपाटी से शुरू होकर आनासागर झील के चारों ओर भ्रमण करेगा और प्रमुख स्थानों जैसे रीजनल कॉलेज चौपाटी तथा रामप्रसाद घाट पर भी कुछ समय के लिए रुकेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम का आनंद ले सकें। उन्होंने बताया कि यह आयोजन संघ के शताब्दी वर्ष के तहत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। संघ में घोष वादन की परंपरा वर्ष 1927 से चली आ रही है, जो भारतीय रागों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है।
राजेंद्र लालवानी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देशभक्ति की धुनों का आनंद लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

