स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गूंजेंगे लोक चेतना के स्वर
जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को विद्याधर नगर स्थित बियानी कॉलेज परिसर में राष्ट्र प्रेम और लोक चेतना से ओतप्रोत ‘लोक चेतना के स्वर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संस्कार भारती जयपुर और बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में ‘पूर्व लोक मंथन : हम भारत के लोग’ के तहत होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5.30 बजे होगी।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्र जागरण का संदेश दिया जाएगा। ‘वन्दे मातरम्’ की विशेष प्रस्तुति के जरिए राष्ट्रगीत के 150 वर्ष के गौरव को प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं पद्मश्री पं. लक्ष्मण भट्ट तैलंग की संगीत रचना ‘संघ प्रेरणा गीत—हो जाओ तैयार साथी’ की प्रस्तुति ध्रुवपद गायिका एवं लोकमंथन आयोजन समिति की उपाध्यक्ष प्रो. मधु भट्ट तैलंग के संगीत निर्देशन में होगी।
कार्यक्रम में प्रियदर्शिनी मिश्रा द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाट्य प्रस्तुति ‘तिरंगा-ए जर्नी’ आकर्षण का केंद्र रहेगी। नाटक के माध्यम से तिरंगे के इतिहास और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा अखिल भारतीय उपाध्यक्ष, संस्कार भारती एवं केंद्रीय लोकमंथन समिति के सदस्य डॉ. रवीन्द्र भारती ‘लोकमंथन : एक चिंतन’ सत्र में लोकमंथन के विविध पहलुओं पर विचार साझा करेंगे। सचिव, लोकमंथन आयोजन समिति देवेश कुमार बंसल ‘लोकमंथन’ का लघु दर्शन प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक डॉ. संजय बियानी अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अखिल शुक्ला, अनुज माथुर और डॉ. रवीन्द्र भारती शामिल होंगे। आयोजन में इंटरनेशनल ध्रुवपद धाम का भी सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम में संस्कार भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय संस्कृति, राष्ट्र चेतना और तिरंगे के गौरव को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

