बीकानेर में 19 मार्च से 11 दिवसीय विराट देवी भागवत कथा यज्ञ महोत्सव
बीकानेर, 18 मार्च (हि.स.)। बीकानेर के गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में 19 से 29 मार्च तक 11 दिवसीय विराट चैत्र नवरात्रि देवी भागवत कथा यज्ञ महोत्सव आयोजित होगा। यह आयोजन जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी के सानिध्य में संपन्न होगा।
महोत्सव शुरू होने से पूर्व मौसम में बदलाव, ठंडी हवाओं और हल्की बारिश के बावजूद तैयारियों में कोई कमी नहीं दिखी। आयोजन स्थल पर एक ओर हवन सामग्री पहुंचाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर अस्थायी रूप से तैयार किए गए 35 से 45 फीट ऊंचे करीब 15 भव्य मंदिरों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन के लिए यज्ञवेदी तैयार कर ली गई है। साथ ही परिसर में विशाल पाकशाला भी बनाई जा रही है, जहां 11 दिनों तक प्रतिदिन शाम से रात्रि तक श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। गैस सिलेंडर की किल्लत के बावजूद आयोजकों ने वैकल्पिक संसाधनों से व्यवस्थाएं बनाए रखने का भरोसा जताया है।
बुधवार दोपहर से ही बड़ी संख्या में लोग अस्थायी मंदिरों और तैयारियों को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि सामूहिक आस्था और सहयोग से यह महाअनुष्ठान निर्विघ्न संपन्न होगा। आयोजन से जुड़े श्री पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. संकेश जैन ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूजा-अर्चना, जप एवं विशेष साधनाएं होंगी। दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा 9 कुंडीय यज्ञ किया जाएगा, जिसमें बड़ी मात्रा में मेवा, शुद्ध घी और चंदन की लकड़ियों की आहुतियां दी जाएंगी। रात्रि 8 बजे से देवी भागवत कथा का वाचन होगा, वहीं भजन संध्या में ख्यात कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा प्रतिदिन शाम 5 से रात्रि 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

