home page

नगरीय निकायों में अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत, केंद्र को भेजे गए करोड़ों के प्रस्ताव

 | 
नगरीय निकायों में अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत, केंद्र को भेजे गए करोड़ों के प्रस्ताव


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा जहां यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां 4500 लीटर क्षमता तक के फायर वाटर टेंडर उपलब्ध करवाने की घोषणा वर्ष 2025-26 के राज्य बजट में की गई है। वित्त विभाग से सहमति के बाद इस संबंध में प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। आवश्यकता एवं उपयोगिता के आधार पर शीघ्र ही शेष नगरीय निकायों में भी अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध अग्निशमन वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मंत्री विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में बाड़मेर शहर में अग्निशमन वाहन उपलब्ध है।

मंत्री खर्रा ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप एनडीआरएफ स्कीम के तहत अग्निशमन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को 114.8 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर नवीन नगरीय निकायों में 28 अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक मिनी वाटर टेंडर एवं सर्च एंड रेस्क्यू अग्निशमन वाहन की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अतिरिक्त राज्य प्रशिक्षण केंद्र के सुदृढ़ीकरण एवं क्षमता निर्माण के लिए बीए कैलोरी वर्चुअल रियलिटी ट्रेनिंग मॉड्यूल, लाइव फायर ट्रेनिंग एवं रेस्क्यू किट आदि के लिए 19.58 करोड़ रुपए के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं।

मंत्री ने बताया कि आर्टिकुलेटिंग वाटर टॉवर, 5000 लीटर क्षमता के एडवांस वॉटर टेंडर, एडवांस मल्टीपरपज फायर टेंडर, अल्ट्रा लाइटवेट हाई प्रेशर बैकअप पंप, फर्स्ट रेस्पोंडर किट और एससीबीए सेट सहित अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए 176.23 करोड़ रुपए के प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजे गए हैं।

इसके साथ ही जयपुर मुख्यालय से सभी फायर स्टेशनों को जोड़ने के लिए 19.58 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है। राज्य के नगरीय निकायों में उपलब्ध 10 एरियल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म अग्निशमन वाहनों के लिए 58.74 करोड़ रुपए की लागत से 18 हजार लीटर क्षमता के 30 वाटर बाउजर खरीदने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित