home page

तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर जयपुर में विजय उत्सव: कार्यकर्ताओं ने देखी फिल्म और निकाली रैली

 | 
तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर जयपुर में विजय उत्सव: कार्यकर्ताओं ने देखी फिल्म और निकाली रैली


तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर जयपुर में विजय उत्सव: कार्यकर्ताओं ने देखी फिल्म और निकाली रैली


जयपुर, 07 मई (हि.स.)। तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की ओर से गुरुवार को ईपी के मिराज हॉल में भव्य विजय उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सामूहिक मूवी स्क्रीनिंग का आनंद लिया और इसके बाद विजय उत्सव मनाया।

जयपुर शहर भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन और परिवार भाव को मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में मिली जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत और “सिंदूर ऑपरेशन” की सफलता को ऐतिहासिक बताया।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान कई बार “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। इसके बाद हाथों में पार्टी झंडे और तख्तियां लेकर रैली निकाली गई तथा आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। इस दौरान पारंपरिक झालमूड़ी का भी आयोजन किया गया।

पश्चिम बंगाल चुनाव में विशेष भूमिका निभाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, रवि नैयर, सोमकांत शर्मा और अशोक सैनी का दुपट्टा और पुष्प भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में बालमुकुंद आचार्य, कुसुम यादव सहित जयपुर जिले के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश