जयपुर में सजा ‘लिबास फैशन वीक’ का रंगारंग मंच
जयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर में फैशन,ग्लैमर और रचनात्मकता का शानदार संगम देखने को मिला। शहर में आयोजित ‘लिबास फैशन वीक’ रनवे शो में देशभर से आए उभरते डिजाइनर्स, मॉडल्स और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन एनके फिल्म्स एंड इवेंट्स की ओर से किया गया।
आयोजक नेहा विजय ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य देशभर के नए और उभरते टैलेंट को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना तथा युवा डिजाइनर्स को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
रैंप पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए डिजाइनर्स ने अपने नवीनतम कलेक्शन प्रस्तुत किए। मॉडल्स ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। शो में महेश (लेबल बाय केसरिया इको), सुनीता शेखावत (शगुन), नसीम (नक्शी बाय नसीम), सचिन गर्ग (अर्बन रिलिजन), सोनम मिश्रा, हिमानी भारद्वाज, विनायक चौधरी और किरण सहित कई डिजाइनर्स ने अपनी डिजाइनिंग का हुनर दिखाया। इस कार्यक्रम का संचालन एंकर प्रीत भंडारी ने किया, जबकि रैंप शो की कोरियोग्राफी मोहम्मद मुस्लिम और कुलदीप बिश्नोई ने संभाली।
इस अवसर पर अभिनेता अकबर खान ने युवाओं के लिए अभिनय के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को भविष्य में बड़े प्रोजेक्ट्स से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ सफारी ग्रुप के डायरेक्टर प्रमोद गोयल, अनिल पाल सिंह, पवन गोयल, नेहा विजय, अकबर खान, आबिद खान, बृजेश पाठक और सोना साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस समारोह में आईपीएस संदीप सिंह चौहान, जे.जे. कश्यप, निशा वर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अभिनेता एवं निर्देशक आबिद खान मुख्य सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गोपाल कुम्हार, रितु कांवट, रूपल शर्मा, चेतना शर्मा, मुकुल भल्ला सहित अनेक डिजिटल क्रिएटर्स ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मुंबई से आए प्रसिद्ध कोरियोग्राफर शाकिर, कोमल पारीक, प्रेम मंडल, रवि धनका, मॉडल सुमन कुमावत और नैना कुमारी भी आयोजन का हिस्सा बने। निर्णायक मंडल में मिस इंडिया ग्लोबल 2024 विजेता अंजिला स्वामी शामिल रहीं, जबकि ओजस्वी शंकर को 'लिबास फैशन वीक' का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया गया।
इस समापन समारोह में अतिथियों ने आयोजन की भव्यता और सुव्यवस्थित प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे फैशन जगत में उभरती प्रतिभाओं को पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से नए कलाकारों और डिजाइनर्स को प्रोत्साहित करने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

