home page

सेवा और संस्कार से समाज जागरण का कार्य कर रही है विहिप: डॉ. जैन

 | 
सेवा और संस्कार से समाज जागरण का कार्य कर रही है विहिप: डॉ. जैन


जोधपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद जोधपुर प्रांत कार्य समिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक पहला पुलिया हाउसिंग बोर्ड के अग्रसेन भवन में संपन हुई। बैठक के समापन समारोह में मंच पर प्रांत अध्यक्ष डॉ राम गोयल, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार, मंत्री सुरेश उपाध्याय उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा अपनी जड़ों, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की ओर तेजी से लौट रहा है। यह परिवर्तन केवल आस्था का नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति बढ़ती जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। डॉ. जैन ने कहा कि आज का युवा नए वर्ष का स्वागत केवल क्लबों और शराब पार्टियों तक सीमित नहीं रखता, बल्कि अयोध्या, वृंदावन और अन्य तीर्थों की यात्रा कर अपनी आस्था का परिचय दे रहा है। संतों और आध्यात्मिक विभूतियों से प्रेरणा लेकर युवा भजन, नाम-संकीर्तन और सत्संग से जुड़ रहा है। देशभर में बड़ी संख्या में युवा विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रहित के संगठनों से जुडक़र सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन रहे हैं। डॉ. जैन ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद सेवा, समरसता और संस्कार के माध्यम से समाज जीवन में व्यापक जागरण का कार्य कर रही है। इस अवसर पर प्रांत उपाध्यक्ष मानाराम विश्नोई, राजेंद्र सिंह संगठन मंत्री राजेश पटेल, सह मंत्री महेंद्र सिंह राजपुरोहित, महेंद्र उपाध्याय, सतीश राव सहित जिला के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने बताया कि हर छ: माह में होने वाली प्रांत की बैठक में पश्चिमी राजस्थान के 25 जिलों के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहते हैं। जिसमें संगठन कार्य की गति को देखते हुए कुछ बदलाव कर दायित्व परिवर्तन किया।

नवीन दायित्व में प्रेक्षा रामावत प्रांत सह संयोजिका, यशपाल कच्छावा प्रांत सुरक्षा प्रमुख, ज्ञानदेव जांगिड प्रांत सह नैतिक शिक्षा प्रमुख, उमेश सैनी महानगर संयोजक, जितेंद्र शर्मा जिला संगठन मंत्री, सुरेश आयनी शहर जिला अध्यक्ष, संगीता मित्तल उपाध्यक्ष, हिमांशु चांडक दक्षिण सहमंत्री सुरेंद्र प्रजापत शहर संयोजक सहित पदाधिकारी को नवीन जिम्मेदारी सौंपी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश