नागौर ब्लास्ट मामले में सीबीआई जांच की मांग, विश्व हिंदू परिषद ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम सौंपा ज्ञापन
नागाैर, 06 नवंबर (हि.स.)। शहर के बड़ली क्षेत्र में पटाखों की आड़ में कथित रूप से किए जा रहे विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण और कारोबार को लेकर अब निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठने लगी है।
विश्व हिंदू परिषद नागौर की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने और तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बड़ली क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संगठन ने आशंका जताई कि पटाखों के कारोबार की आड़ में कहीं नियमों के विरुद्ध विस्फोटक सामग्री का भंडारण तो नहीं किया जा रहा था। साथ ही घटना के पीछे किसी सुनियोजित साजिश, संगठित गिरोह या बाहरी नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका की भी जांच की मांग की गई।
विश्व हिंदू परिषद ने ज्ञापन में विस्फोटक सामग्री की मात्रा और प्रकार, लाइसेंस एवं परमिट की वैधता, आबादी क्षेत्र में गोदाम संचालित करने की अनुमति तथा सुरक्षा नियमों की अनदेखी जैसे बिंदुओं की गहन जांच करवाने की मांग की। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री में आरडीएक्स अथवा अन्य प्रतिबंधित पदार्थ की मौजूदगी की आशंका को लेकर विशेषज्ञ फॉरेंसिक जांच करवाने की भी मांग उठाई गई।
संगठन ने नागौर शहर में संचालित अन्य पटाखा एवं बारूद के गोदामों की भी जांच करवाने, उनके लाइसेंस, भंडारण क्षमता और स्टॉक रजिस्टर की पड़ताल करने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संदिग्ध गोदामों में विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर नियमानुसार रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कारोबारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही। ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से पूरे मामले की सीबीआई जांच के लिए अनुशंसा भेजने और तत्काल उच्चस्तरीय एसआईटी गठित करने का आग्रह किया गया। संगठन का कहना है कि यह मामला केवल पटाखों के कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सूरजमल भाटी, प्रांत सत्संग प्रमुख पुखराज सांखला, जिला सहमंत्री रामनिवास झाड़वाल, धर्म प्रसार प्रमुख राधेश्याम टोगसिया और नगर मंत्री जगदीश वैष्णव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

