‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ : 50 हजार से अधिक युवाओं का पंजीकरण
जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव को एक नए और सशक्त स्वरूप में प्रस्तुत करते हुए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027' का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं के नवाचारों, शोध-परक विचारों और नेतृत्व क्षमता को सीधे नीति-निर्धारण और देश के विकास से जोड़ना है। जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय फलक तक त्रि-स्तरीय चयन प्रक्रिया के जरिए यह मंच देश के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा और विज़न को सीधे राष्ट्रीय स्तर पर नीति-निर्माताओं एवं विषय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रत्यक्ष अवसर प्रदान करता है।
मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में 'माय भारत' राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की, जिसमें पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक अमित कनौजिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य निदेशक ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में विभाग के जिला युवा अधिकारी और माय भारत स्वयंसेवक सक्रिय रूप से स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर युवाओं को इस अभियान से जोड़ रहे हैं। इस व्यापक जन-जागरूकता अभियान के परिणामस्वरूप अब तक राजस्थान के 50,000 से अधिक युवा ‘माय भारत’ पोर्टल पर डिजिटल क्विज़ हेतु पंजीकरण करा चुके हैं।
इस राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता में 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष की आयु पूरी करने वाले देश के सभी युवा निःशुल्क भाग ले सकते हैं। भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर 'Register Now' विकल्प चुनना होगा, जहाँ वे मोबाइल अथवा ईमेल पर प्राप्त ओटीपी सत्यापन और अपनी सामान्य जानकारी भरकर आसानी से पंजीकरण कर सकते हैं। पूर्व से पंजीकृत युवाओं को सीधे लॉगिन कर पहले चरण यानी डिजिटल क्विज़ में सम्मिलित होने की सुविधा दी गई है।
चयन प्रक्रिया के तहत पहले चरण में 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज़ आयोजित किया जा रहा है। क्विज़ के शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी (अधिकतम 4 लाख तक) दूसरे चरण यानी निबंध प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे, जिसमें उन्हें निर्धारित विषयों पर 500 शब्दों का निबंध 5 से 19 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके पश्चात प्रत्येक जिले से चयनित शीर्ष 50 निबंधकारों के बीच 10 से 16 नवंबर 2026 तक जिला स्तरीय पीपीटी प्रेजेंटेशन राउंड होगा। जिले के शीर्ष दो प्रतिभागी 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के मध्य आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय VBYLD में भाग लेंगे, जहाँ से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की राज्य टीम बनेगी जो 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में अपने विचार प्रस्तुत करेगी।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अतिरिक्त युवाओं की बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस आयोजन में पाँच अन्य प्रमुख ट्रैक्स भी शामिल किए गए हैं। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ जैसी विधाओं से युक्त त्रि-स्तरीय 'सांस्कृतिक ट्रैक' (Cultural Track) प्रमुख है। इसके साथ ही देश की वास्तविक चुनौतियों के समाधान हेतु 'डिजाइन फॉर भारत', तकनीकी नवप्रवर्तकों के लिए 'हैक फॉर सोशल कॉज', युवा उद्यमियों के स्टार्टअप मॉडल के लिए 'यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज' तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं व नीति-विमर्श को बढ़ावा देने के लिए 'एकीकृत युवा संसद' (Youth Parliament) का भी आयोजन किया जा रहा है। राज्य निदेशक ने प्रदेश के समस्त युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर जुड़कर इस राष्ट्रीय विमर्श में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

