वाराणसी-साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस नई रेलसेवा का संचालन
जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।
उत्तर पश्चिम
रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से वाराणसी-साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस नई रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है। इस नई रेलसेवा की उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा का संचालन 30 अक्टूबर को साबरमती से वाराणसी के मध्य किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09405, साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को साबरमती से प्रातः 10:30 बजे रवाना होकर अगले दिन प्रातः 11:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह रेलसेवा मार्ग में महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला, गोविन्दपुरी, सूबेदारगंज एवं मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में 01 फर्स्ट एसी, 02 सेकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 गार्ड एवं 01 पावरकार सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

