home page

वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से अलवर में युवक की मौत, बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा

 | 
वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से अलवर में युवक की मौत, बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा


अलवर, 12 जून (हि.स.)। राजगढ़-बांदीकुई रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना राजगढ़ रेलवे स्टेशन और बांदीकुई के बीच माता जी के नाले के पास हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। राजगढ़ पुलिस और जीआरपी की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

जीआरपी के हेड कांस्टेबल सरदार सिंह गुर्जर ने बताया कि रेलवे स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान के प्रयास किए गए। शुक्रवार सुबह मृतक की पहचान राजाजी थाना क्षेत्र निवासी दीपांशु वर्मा (18) पुत्र भगवान सहाय वर्मा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने बताया कि दीपांशु गुरुवार को घर से राजगढ़ बाजार सामान खरीदने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में उन्हें रेलवे ट्रैक पर हादसे में उसकी मौत होने की सूचना मिली।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था या किसी अन्य कारण से हादसे का शिकार हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार