home page

हाईवे पर भीषण टक्करः वैन-ट्रेलर हादसे में 2 की मौत, 1 गंभीर घायल

 | 
हाईवे पर भीषण टक्करः वैन-ट्रेलर हादसे में 2 की मौत, 1 गंभीर घायल


हाईवे पर भीषण टक्करः वैन-ट्रेलर हादसे में 2 की मौत, 1 गंभीर घायल


हाईवे पर भीषण टक्करः वैन-ट्रेलर हादसे में 2 की मौत, 1 गंभीर घायल


भीलवाड़ा, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के आसींद क्षेत्र में शुक्रवार तड़के नेशनल हाईवे-158 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बार थाना क्षेत्र में बदनोर और बार गांव के बीच शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ।

ब्यावर की ओर से आ रही एक मारुति वैन और भीलवाड़ा की तरफ से आ रहे ट्रेलर के बीच रॉन्ग साइड में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कावलास, आसींद निवासी परशुराम वैष्णव पुत्र बालूदास वैष्णव और लाछुड़ा, आसींद निवासी सुरेशचंद पुत्र नंदलाल तेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परशुराम वैष्णव पेशे से होटल संचालक थे और क्षेत्र में काफी परिचित थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया और गांवों में शोक की लहर फैल गई।

दुर्घटना में आसपे-बोरेड़ा निवासी कैलाश बलाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले बार के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय ब्यावर रेफर कर भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद दोनों शवों को बार अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कावलास निवासी सुरेंद्र ने बताया कि मॉर्च्युरी में शव रखने के बाद भी काफी देर तक कोई डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचा। कई बार फोन करने के बाद डॉक्टर देर से पहुंचे, जिससे परिजनों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। इसके अलावा पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया में भी काफी देरी हुई, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया।

इधर बार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसा रॉन्ग साइड में आने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद