वैशाख अमावस्या:गोविंद देवजी मंदिर में सजी विशेष झांकी
जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर में वैशाख अमावस्या पर शुक्रवार को धार्मिक आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने प्रात:काल से ही विभिन्न तीर्थ स्थलों के जल मिले पानी से स्नान किया।
प्रमुख तीर्थ स्थल गलता जी तीर्थ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। कुंड में खड़े होकर पितरों के निमित्त तर्पण कर पुण्य अर्जित किया। वहीं, आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर काले रंग की नवीन पोशाक धारण कराई गई। फूलों से विशेष झांकी सजाई गई।
गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में सुबह पितरों की शांति के लिए हवन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पितरों के निमित्त आहुतियां प्रदान की। रामगंज बाजार के कावंटियों का खुर्रा स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में अमावस्या के उपलक्ष्य में भजन-संकीर्तन हुआ। मंदिर महंत पं.लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से संकीर्तन किया। पुरानी बस्ती के गोपीनाथ जी, चौड़ा रास्ता के राधा दामोदर जी, मदन गोपाल जी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित ब्रज निधि जी सहित अन्य मंदिरों में वैशाख अमावस्या पर ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई गई।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गौशालाओं में जाकर गायों को गुड़-चारा खिलाया। सेवा म्हारे घरा पधारो श्याम संस्था के भक्तों ने चारा, रोटी, चपाती, चने की दाल एकत्र की सांगानेर स्थित दादू दयाल गोशाला पहुंचाया। शिवदयाल सिंह, जय सिंह, आनंद कुमार, रामजीलाल सेन, कमल जैन रतन कट्टा ने सेवाएं दीं। अग्रवाल फार्म के सेक्टर 113 स्थित श्याम पार्क जरूरतमंदों को भोजन कराया और दान-पुण्य किया। सांगानेर की श्री पिंजरापोल गौशाला, दुर्गापुरा गौशाला, हिंगोनिया गौशाला, खोले के हनुमान मंदिर की गौशाला सहित अन्य गौशालाओं में भी अमावस्या पर गोसेवा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

