एमबीएम यूनिवर्सिटी में आधी रात को हंगामा
जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)। एमबीएम विश्वविद्यालय में सोमवार आधी रात को हंगामा हो गया। यहां डायरेक्ट एडमिशन (स्पॉट राउंड) काउंसलिंग की जा रही थी। धीमी रफ्तार के कारण काउंसलिंग आधी रात तक चलती रही जिसका वहां आए विद्यार्थियों और परिजनों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया। विवि शिक्षकों व अधिकारियों ने परिजनों की समझाइश कर मामला शांत करवाया। बाद में देर रात वापस काउंसलिंग शुरू की गई।
दरअसल एमबीएमयू में बी.टेक, बी.प्लान व बी.आर्क की प्रथम वर्ष में खाली 215 सीटों को भरने के लिए सोमवार को स्पॉट राउंड काउंसलिंग शुरू की गई थी। काउंसलिंग सुबह 9 बजे से रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन के साथ शुरू की गई। स्पॉट काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2017 की भर्ती में नियुक्त शिक्षकों को जिम्मा दिया। सीनियर शिक्षकों को दरकिनार रखा गया। ऐसे में जूनियर शिक्षकों को काउंसलिंग का अनुभव नहीं होने से प्रक्रिया गड़बड़ाती रही। काउंसलिंग प्रक्रिया आधी रात तक चलती रही।
ऐसे में दूरदराज से आए सैकड़ों अभ्यर्थियों और परिजनों का घंटों इंतजार करने के बाद सब्र का बांध टूट गया। अभ्यर्थियों और परिजनों ने हॉल के अंदर आकर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि धीमी चाल के कारण देर रात तक बच्चे भूखे-प्यासे परेशान होते रहे और सीटों के आवंटन व श्रेणीवार रिक्तियों में पारदर्शिता नहीं रखी गई। एमबीएमयू के परिसर में परिजनों के लिए टेंट या छाया और पानी तक का कोई बंदोबस्त नहीं रखा गया। भीषण गर्मी में स्टूडेंट्स और परिजन इंतजार करते रहे। हॉल के बाहर काउंसलिंग सीटों को लेकर स्क्रीन भी नहीं लगाई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

