home page

शहादत दिवस पर संत को नमन कर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी बोले- उनके आदर्श आज भी समाज को जोड़ने की प्रेरणा देते हैं

 | 
शहादत दिवस पर संत को नमन कर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी बोले- उनके आदर्श आज भी समाज को जोड़ने की प्रेरणा देते हैं


जयपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। सिंधी समाज के महान संत, सूफी भजन गायक और मानवता के उपासक सतगुरु कंवर राम साहब की स्मृतियों को किशनगढ़ में प्रतिमा के रूप में सहेजा गया है। रविवार को सिंधी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संत कंवरराम साहब की प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया। सिंधु सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संत के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए समाज के लोगों ने उनके बताए सेवा, प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प किया।

कार्यक्रम में सिंधु सेवा समिति की ओर से विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का स्वागत-अभिनंदन किया गया। समारोह में सिंधी समाज के गणमान्य लोगों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संत कंवरराम साहब के जीवन, उनकी वाणी और सामाजिक योगदान को याद किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि संत कंवरराम का जीवन त्याग, तपस्या, मानवता और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देने में समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

देवनानी ने कहा कि नई पीढ़ी को संत कंवरराम साहब के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। संतों की शिक्षाएं समाज में आपसी विश्वास बढ़ाने और भेदभाव मिटाने का कार्य करती हैं। संत कंवरराम सिंधी समाज के महान सूफी भजन गायक थे। उनकी मधुर वाणी और भजनों को सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते थे। बताया जाता है कि 1 नवंबर 1939 को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी स्मृति में सिंधी समाज प्रतिवर्ष उनकी बरसी मनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। इसी क्रम में सिंधु सेवा समिति की पहल पर किशनगढ़ में उनकी प्रतिमा स्थापित कर समाज ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति राजकुमार बडजात्या, उप सभापति मनेन्द्र सिंह, पूर्व उप सभापति मनोहर ताराणी सहित सिंधु सेवा समिति के पदाधिकारी और सिंधी समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतिमा लोकार्पण समारोह में सिंधु सेवा समिति के फाउंडर पीशु भाई मुलानी, विष्णु मेंघानी, गिरधारी अमरवानी, करण मेंघानी एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयोजन किया। मूर्ति का अनावरण स्वर्गीय हेमलता मेंघानी धर्मपत्नी विष्णु मेघानी की स्मृति में हुआ। कार्यक्रम में वासुदेव पंजवानी का सहयोग रहा। कार्यक्रम में मदनगंज महिला मंडल अध्यक्ष तनु मेंघानी ने अपनी पूरी महिला टीम के सेवाएं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित