अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग : जोधपुर की एंजल का गोल्डन पंच
जोधपुर, 14 अपै्रल (हि.स.)। जोधपुर की उभरती हुई युवा मुक्केबाज एंजल बाघराणा ने पटियाला में आयोजित अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और एशियन चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया।
मुक्केबाजी संघ के सचिव पीएस शेखावत ने बताया कि एंजल पूर्व राष्ट्रीय मुक्केबाज एवं वर्तमान में पटियाला स्थित एनआईएस के प्रशिक्षु नरेंद्र बाघराणा की पुत्री हैं। एंजल ने प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबले में हरियाणा की प्रतिद्वंद्वी पर पहले ही राउंड में इतने सटीक और तेज पंच लगाए कि रेफरी को मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा। फाइनल मुकाबले में भी एंजल का दबदबा कायम रहा। उन्होंने तमिलनाडु की खिलाड़ी के खिलाफ दूसरे राउंड में एकतरफा मुकाबला जीतते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस शानदार जीत के साथ एंजल ने आगामी अंडर 15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब एंजल 16 से 30 अप्रैल तक पुणे स्थित एएसआई में आयोजित इंडिया कैंप में प्रशिक्षण लेंगी। इसके बाद वे एक से 16 मई तक ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
एंजल की इस उपलब्धि पर राजस्थान बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार निर्वाण, अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष महेंद्र लूनीवाल, इंटरनेशनल रेफरी विशाल कुमार निर्वाण सहित पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पृथ्वी सिंह भाटी, रूपेश कुमार, नवीन बारासा, राजेश गोदारा, रूप सिंह पडिय़ार, विकास सेन, उम्मेद बारासा, शम्भु सिंह, किशन नागौरा और इरफान सहित अनेक खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

