यातायात प्रहरियों को बांटे छाते और पानी की बोतलें
जयपुर, 07 मई (हि.स.)। राजधानी की सड़कों पर चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने वाले यातायात पुलिसकर्मियों की सेहत का ख्याल रखते हुए जयपुर पुलिस ने विशेष पहल की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशों पर गुरुवार को फील्ड में तैनात जवानों को पानी की बोतलें और छाते वितरित किए गए।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर यातायात योगेश दाधीच के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान में भामाशाहों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके चलते 'धानुका ग्रुप' और 'सीकर रोड व्यापार महासंघ' ने सामाजिक सरोकार (सीएसआर) के तहत यह सहयोग प्रदान किया है। धानुका ग्रुप की ओर से 750 पानी की बोतलें और सीकर रोड व्यापार महासंघ की ओर से 100 बोतलें व 200 छाते उपलब्ध कराए गए हैं।
इस अभियान का आगाज़ करते हुए डीसीपी यातायात योगेश गोयल स्वयं 22 गोदाम चौराहा, राममंदिर चौराहा और पोलो सर्किल जैसे प्रमुख यातायात पॉइंट्स पर पहुँचे। वहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उन्हें छाते और बोतलें प्रदान कीं। उन्होंने एसीपी और उपनिरीक्षकों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जवानों को ये राहत सामग्री पहुँचाएं।
इस अवसर पर डीसीपी ने कहा कि समाज और व्यापारिक संगठनों द्वारा किया गया यह छोटा सा सहयोग पुलिसकर्मियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा (दक्षिण), समीर दुबे (पश्चिम), डॉ. हरी प्रसाद सोमानी (उत्तर), धानुका ग्रुप के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष दिनेश मित्तल, उपाध्यक्ष पवन सैनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

