home page

उदयपुर के सभी 80 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा

 | 
उदयपुर के सभी 80 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा


उदयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उदयपुर के सभी 80 वार्डों के लिए अपने पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सूची में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ नए और युवा चेहरों को भी मौका दिया है। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कुंवर राठौड़ को वार्ड 17 से टिकट मिला है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास की बहू हितांशी शर्मा को वार्ड 73 से प्रत्याशी बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि पीसीसी महासचिव हरीश चौधरी के निर्देशानुसार प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।

कांग्रेस की सूची में यूथ कांग्रेस उदयपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन केलावत, पिछली बार महापौर प्रत्याशी रहे अरुण टांक, बीजेपी छोड़कर जनता सेना और फिर कांग्रेस में शामिल हुए पंकज सुखवाल सहित युवा चेहरे सिद्धार्थ सोनी को भी मौका दिया गया है।

पार्टी ने आठ पूर्व पार्षदों पर भी भरोसा जताया है। इनमें अरुण टांक, शंकर चंदेल, हितांशी शर्मा, मोनिका गुर्जर, हिदायत तुल्ला, शिप्रा उपाध्याय, लक्ष्मीनारायण मेघवाल और नेहा कुमावत शामिल हैं।

वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव सुहालका और राव कल्याण सिंह को टिकट नहीं मिला। अजय पोरवाल और देवेंद्र माली का नाम भी सूची में नहीं होने से पार्टी के भीतर चर्चा शुरू हो गई है। अजीत चौधरी को वार्ड 6 से टिकट दिया गया है, जबकि उनका निवास वार्ड 2 में बताया जा रहा है।

ग्रामीण पृष्ठभूमि के चेहरों को भी पार्टी ने निगम चुनाव में उतारा है। बड़गांव के पूर्व सरपंच संजय शर्मा को वार्ड 1, अंबेरी सरपंच बाबूलाल गमेती को वार्ड 79 और सापेटिया सरपंच पुष्करलाल के बेटे योगेश पुष्करना को वार्ड 80 से प्रत्याशी बनाया गया है। वार्ड 66 से सत्येंद्र को टिकट मिला है, जो पहले एबीवीपी से जुड़े रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता