हाईटेंशन लाइन से तार चोरी करने पहुंचे दो युवकों की करंट लगने से मौत
बाड़मेर, 25 जुलाई (हि.स.)। बालोतरा जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के कोठाला गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन से तार चोरी करने का प्रयास दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है।
पुलिस के अनुसार कोठाला गांव में नई बिजली लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दो युवक कथित रूप से बिजली के तार चोरी करने पहुंचे। चोरी किए गए तारों को इकट्ठा करते समय उनका संपर्क करंट प्रवाहित हो रही हाईटेंशन लाइन से हो गया। तेज करंट दौड़ने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में दोनों के शरीर और हाथ बुरी तरह जल गए।
शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने दोनों के शव पड़े देखे और तुरंत धोरीमन्ना थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की तकनीकी जांच के लिए डिस्कॉम की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कोठाला निवासी 23 वर्षीय खेताराम पुत्र चेनाराम तथा 23 वर्षीय गिरधारीराम पुत्र सोनाराम के रूप में की है। दोनों के शव धोरीमन्ना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
धोरीमन्ना थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि डिस्कॉम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

