कार से भिड़ंत के बाद बाइक में हुआ जोरदार धमाका, दो युवकों की मौत
जालोर, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में नरसाणा पुलिया के पास बाइक और सामने से आ रही स्विफ्ट कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई और कुछ ही देर में जोरदार धमाका हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, शेरगढ़ से जालोर की ओर जा रहे दो युवक बाइक पर सवार थे। नरसाणा पुलिया के पास उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। भिड़ंत के बाद बाइक में आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक के पैर के चीथड़े सड़क पर बिखर गए। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बिशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर घायल युवक को उपचार के लिए जालोर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
मृतकों की पहचान शम्भूराम (44) निवासी साकड़ा जैसलमेर और जगदीश उर्फ जगाराम (45) निवासी चाबा शेरगढ़-जोधपुर के रूप में हुई है। दोनों जालोर में सैलून का काम करते थे। शम्भू राम का भगली प्याऊ क्षेत्र में और जगदीश का तासखाना बावड़ी क्षेत्र में सैलून बताया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद बाइक में आग लगने से हादसा और भी भयावह हो गया। घटना की सूचना के बाद मृतकों के परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

