home page

बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत के बाद मुआवजे को लेकर हंगामा

 | 
बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत के बाद मुआवजे को लेकर हंगामा


उदयपुर, 28 मई (हि.स.)। उदयपुर के रीको इंडस्ट्रीज एरिया स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत के बाद मृतकों के परिजनों और विभिन्न समाजों के लोगों ने गुरुवार को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा।फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में माधुलाल गमेती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भंवर सिंह झाला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों गोगुंदा क्षेत्र के बडूंदिया गांव के निवासी हैं। परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। बाद में प्रतापनगर थाना पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची। घटना के बाद राजपूत समाज और भील समाज में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर करणी सेना सहित विभिन्न संगठनों के लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। करणी सेना के अर्जुन सिंह चुंडावत ने कहा कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा।दोपहर बाद प्रदर्शनकारियों की डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के साथ वार्ता हुई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता