home page

दो कारों की टक्कर में दो महिलाओं की मौत, पांच घायल

 | 
दो कारों की टक्कर में दो महिलाओं की मौत, पांच घायल


जालोर, 14 जून (हि.स.)। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। ऐलाना गांव के पास तेज रफ्तार आई-टेन कार आगे चल रही स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए और आई-टेन कार स्कॉर्पियो के ऊपर चढ़ गई।

हादसे के समय कार में सवार छह लोग सोमता स्थित राम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद सभी यात्री वाहन में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से जालोर के सरकारी अस्पताल भिजवाया।

बिशनगढ़ थाना पुलिस के अनुसार कार में ओड़वाड़ा निवासी शांतिलाल राजपुरोहित, उनकी पत्नी लीला देवी, दिनेश मेघवाल, उनकी पुत्री सुशीला, सौरम देवी तथा हडमतगढ़ निवासी वचनाराम मेघवाल सवार थे। बताया जा रहा है कि ऐलाना गांव के पास आगे चल रही स्कॉर्पियो के अचानक मुड़ने से यह हादसा हुआ।

दुर्घटना में लीला देवी राजपुरोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल सौरम देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल वचनाराम और दिनेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया है। वहीं सुशीला का जालोर के सरकारी अस्पताल तथा शांतिलाल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार एवं उम्मेदाबाद चौकी प्रभारी डूंगराराम चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित