home page

कार-ट्रेलर भिड़ंत में दो लोगों की  मौत

 | 
कार-ट्रेलर भिड़ंत में दो लोगों की  मौत


जयपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण के रायसर थाना इलाके में मंगलवार को दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बहलोड़ गांव के पास देव लाइब्रेरी के सामने कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए।

थानाधिकारी हेमराज सिंह गुर्जर ने बताया कि मनोहरपुर की ओर से दौसा जा रही कार में एक महिला सहित चार लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश निवासी थे और सीकर स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी टक्कर हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि सड़क पार कर रही एक छात्रा को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रेलर सड़क से नीचे उतर गया। दुर्घटना में कार सवार शैलेश और सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंजली, सागर और राहगीर छात्रा निक्की गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश