home page

कायलाना झील में डूबने से दो पड़ोसी दोस्तों की मौत

 | 
कायलाना झील में डूबने से दो पड़ोसी दोस्तों की मौत


जोधपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। शहर की कायलाना झील में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बारिश के मौसम में यहां घूमने आए तीन पड़ोसी दोस्तों में से दो की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, तीसरे युवक को वहां मौजूद लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही राजीव गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि झील में डूबे 23 वर्षीय सुनील मेघवाल का शव निकाल लिया गया है। वहीं, 17 वर्षीय प्रिंस का शव अभी तक नहीं मिल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि उसका शव गहरे पानी में नीचे मौजूद झाडय़िों या दलदल में फंस गया है। प्रिंस की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।हादसे में सुरक्षित बचे महेंद्र ने बताया कि वह अपने पड़ोसी दोस्तों सुनील मेघवाल और प्रिंस के साथ दोपहर करीब 12 बजे कायलाना झील पर घूमने आया था। बारिश के सुहावने मौसम के कारण झील पर भारी भीड़ थी और कई लोग पानी में नहा रहे थे। उन्हें देखकर प्रिंस और सुनील का मन भी पानी में उतरने का हुआ। महेंद्र ने उन्हें रोकने की कोशिश की और पानी में जाने से मना किया। इस पर 10वीं कक्षा में पढऩे वाले प्रिंस ने कहा, थोड़ी ही दूर अंदर जाएंगे और तुरंत वापस आ जाएंगे। महेंद्र के अनुसार, सुनील को तैरना बिल्कुल नहीं आता था, जब सुनील ने हिचकिचाहट दिखाई, तो प्रिंस ने उससे कहा, तू चल, तुझे मैं तैरना सिखा दूंगा। प्रिंस के भरोसे पर तीनों पानी में उतर गए और धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ बढ़ गए। जब वे वापस बाहर की तरफ लौट रहे थे, तभी अचानक महेंद्र का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। महेंद्र को डूबता देख किनारे पर मौजूद एक शख्स ने तुरंत पानी में छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया, लेकिन जब महेंद्र ने बाहर आकर पीछे देखा, तो सुनील और प्रिंस पानी में कहीं नजर नहीं आ रहे थे। दोनों गहरे पानी में समा चुके थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश